तुमने वादा किया था।
तुमने वादा किया था
जब गए थे इस बार मुझसे दूर,
कि वापस जल्दी लौटूंगा,
कि लौटकर तुझे गले लगाऊंगा,
तो गले लगाने आओ ना।
तुमने कहा था,
तेरे गालों पर जो पानी की बूंदें छोड़ जा रहा हूँ,
इन्हें मुस्कान में बदलने आऊंगा,
तेरे हर त्योहार की रौनक बढ़ाऊंगा,
हर खुशी में शामिल हो जाऊंगा…
तो रौनकें बढ़ाने आओ ना।
तुमने कहा था,
एक तस्वीर रखता हूँ पर्स में,
तेरी और मेरी साथ…
जिसके साथ गुजरते हैं मेरे दिन और रात,
वो तस्वीर दिखाने आओ ना।
तुमने कहा था,
आऊंगा ढेर सारा समय लेकर तेरे पास,
छोड़कर हाथ की घड़ी को वहीं किसी मेज पर,
तेरी घड़ी की सुइयाँ 12 से 12 तक देखने,
वो समय बिताने आओ ना।
तुमने वादा किया था,
कोई मूवी देखेंगे साथ,
कहीं पहाड़ों पर चलेंगे साथ,
लॉन्ग ड्राइव पर निकलेंगे साथ…
किसी दिन बाजार में,
बस हाथ में हाथ लिए चलेंगे साथ…
वो साथ निभाने आओ ना।
देखो…
तुमने वादा किया था…
अब वो वादा निभाने आओ ना।
✍️शिवन्या
I